कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत 7–8 फरवरी की दरमियानी रात विशेष रात्रि चेकिंग एवं कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर पूरे जिले में यह कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान गुंडा व निगरानी बदमाशों की सघन जांच की गई। पूर्व से आदतन अपराधी पाए गए 12 लोगों पर धारा 129 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि संदिग्ध अवस्था में घूम रहे 3 व्यक्तियों पर धारा 128 BNSS के तहत वैधानिक कार्रवाई हुई। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।









