Saturday, May 9, 2026

कोरबा मेडिकल कॉलेज में लापरवाही का आरोप: ड्रेसिंग रूम में स्टाफ नहीं, दोस्त ने किया मरीज का इलाज; VIDEO वायरल

खुद मरीज के दोस्त ने दवाई लगा कर ड्रेसिंग कियाकोरबा। जिले के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ड्रेसिंग रूम में स्टाफ के मौजूद न होने का आरोप लगाते हुए एक मरीज के दोस्त द्वारा खुद ड्रेसिंग करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी हुकुम कुमार का हाल ही में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के टांके खुलने के बाद दर्द बढ़ने पर वे अपने दोस्त चंदन कुमार के साथ अस्पताल पहुंचे।

दोनों ने पहले पर्ची बनवाकर डॉक्टर को दिखाया, जहां से ड्रेसिंग कराने की सलाह दी गई। इसके बाद वे ड्रेसिंग रूम पहुंचे, लेकिन हुकुम कुमार का आरोप है कि काफी देर इंतजार के बावजूद वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

दर्द अधिक होने और कोई मदद नहीं मिलने पर उनके दोस्त चंदन कुमार ने ड्रेसिंग रूम में रखी दवाइयों से खुद ही ऑपरेशन वाली जगह पर ड्रेसिंग कर दी। चंदन का कहना है कि उन्होंने स्टाफ को खोजने की कोशिश की, लेकिन कोई नहीं मिला, जिससे मजबूरी में उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।

VIDEO वायरल होने के बाद हरकत में प्रबंधन

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन सक्रिय हुआ। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सह अधीक्षक रविकांत जाटवर ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

हालांकि, अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि ड्रेसिंग रूम में उस समय कर्मचारी मौजूद था और उसने मरीज के दोस्त को ऐसा करने से मना भी किया था, लेकिन उसने नहीं माना और खुद ड्रेसिंग कर दी।

अलग-अलग बयान, उठे सवाल

मामले में मरीज और अस्पताल प्रबंधन के बयान एक-दूसरे से अलग हैं, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद लोगों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

अस्पताल प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जाएगा।