Saturday, October 31, 2026

कोरबा : रैपिडो बाइक चालक ने बीमा पॉलिसी समझाने के बहाने युवती को लॉज में बुलाया, दुष्कर्म का आरोप; आरोपी फरार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कोरबा निवासी 25 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रैपिडो बाइक चालक ने बीमा पॉलिसी लेने के बहाने युवती को स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, लॉज में आरोपी का पहचान पत्र जमा नहीं कराने के मामले में संचालक पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

रैपिडो में सफर के दौरान हुई थी आरोपी से पहचान

पुलिस के अनुसार, कोरबा निवासी 25 वर्षीय युवती बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। उसका काम लोगों को बीमा पॉलिसियों की जानकारी देना और नए ग्राहक बनाना है।

बताया गया कि 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। इस दौरान दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा उसे बाइक से रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचा। सफर के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर भी साझा किए। बातचीत में युवती ने आरोपी को अपने बीमा कंपनी में काम करने और विभिन्न पॉलिसी प्लान की जानकारी देने की बात बताई थी।

बीमा पॉलिसी लेने के बहाने लॉज में बुलाया

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, 28 अक्टूबर को आरोपी ने फोन कर युवती को मिलने के लिए बुलाया। युवती जब उससे मिलने पहुंची तो उसने बीमा पॉलिसी के अलग-अलग प्लान की जानकारी दी। इस दौरान आरोपी ने दीपावली से पहले पॉलिसी लेने की इच्छा जताई।

इसके बाद आरोपी ने शोरगुल का हवाला देते हुए किसी शांत जगह पर बैठकर पॉलिसी समझने की बात कही। आरोप है कि युवती उसकी बातों में आ गई और उसके साथ स्टेशन रोड स्थित एक लॉज पहुंच गई।

कमरा नंबर 124 में दुष्कर्म का आरोप, विरोध करने पर दी धमकी

शिकायत के अनुसार, लॉज के कमरा नंबर 124 में पहुंचने के बाद आरोपी ने दरवाजा बंद कर दिया और युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, घर पर भी दी दबिश

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी थी, लेकिन जानकारी मिली कि परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया है। फिलहाल पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

लॉज संचालक पर भी होगी कार्रवाई, आरोपी का नहीं लिया था ID प्रूफ

इस मामले में लॉज प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है। टीआई सनिप रात्रे के अनुसार, लॉज में युवती का पहचान पत्र जमा कराया गया था, लेकिन आरोपी से बिना पहचान पत्र लिए ही उसे कमरे की चाबी दे दी गई थी।

पूछताछ के दौरान लॉज संचालक ने बताया कि आरोपी स्थानीय निवासी था, इसलिए उससे पहचान पत्र नहीं लिया गया। पुलिस अब लॉज संचालक को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।