Friday, October 30, 2026

Chhattisgarh News: अहिवारा से BJP विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन, 78 साल की उम्र में हैदराबाद में ली अंतिम सांस

विधायक लंबे समय से बीमार थे, उनका हैदराबाद में इलाज चल रहा था।दुर्ग/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है। वे 78 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। फेफड़ों की बीमारी के चलते उनका हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन की खबर से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के साथ दुर्ग-भिलाई और प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

शिक्षक से विधायक तक का रहा लंबा सफर

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं दीं। वर्ष 1998 में व्याख्याता पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा।

वर्ष 1999 में उन्होंने दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक के रूप में भी काम किया। इसके बाद वे लगातार राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे।

निधन से अहिवारा क्षेत्र में शोक

विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से भाजपा संगठन और अहिवारा क्षेत्र ने अपना एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि खो दिया है। उनके निधन की खबर के बाद समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों में शोक का माहौल है। राजनीतिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है।