Thursday, October 29, 2026

खदान में मशीन से 280 लीटर डीजल चोरी, एक पकड़ाया, तीन फरार

कोरबा । खदान में चलने वाले मशीनों से डीजल की चोरी पकड़ी गई है। जवानों ने उसे पकडक़र पुलिस के सुपुर्द किया जबकि अन्य सहयोगी फरार हैं। दीपका थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी ने बताया कि 11 अगस्त को दीपका खदान में बोलेरो क्रमांक-सीजी 12 बीएन 3241 में सवार व्यक्तियों द्वारा वाहन को खदान के अंदर ले जाकर खदान में कार्यरत मशीन से डीजल चोरी किया जा रहा था।

इसकी जानकारी होने पर सीआईएसएफ की टीम द्वारा घेराबंदी कर उपरोक्त वाहन में लोड 35 लीटर वाले कुल 8 जरीकेन में भरा हुआ डीजल लगभग 280 लीटर एवं एक खाली जरीकेन तथा डीजल निकालने का पाईप को आरोपी बसंतु कुमार गढ़ेवाल पिता उमेद सिंह 20 वर्ष निवासी रेल डबरी, थाना हरदीबाजार के साथ पकडकऱ एसईसीएल सुरक्षा अधिकारी द्वारा थाना लाया गया।

प्रार्थी सुरक्षा अधिकारी दिनेश पासवान की रिपोर्ट पर दीपका थाना में धारा 303 (2) बीएनएस के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी से पूछताछ करने पर अपने साथी नाजिर खान, ओमप्रकाश, मुकेश यादव के साथ मिलकर खदान में मशीन से डीजल चोरी करना बताया। घेराबंदी के दौरान नाजिर खान उर्फ टोबो, ओमप्रकाश एवं मुकेश यादव को फरार होना बताया गया है।

आरोपी बसंतु से 280 लीटर डीजल कीमती 28 हजार रुपये, बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी-12बीएन-3241 कुल कीमती 4,78,000 रूपये को जप्त किया गया है।