कोरबा। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा परियोजना में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की सतर्कता से डीजल चोरी का प्रयास विफल हो गया। सीआईएसएफ की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) ने मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ते हुए उनके कब्जे से करीब 60 लीटर डीजल और चोरी में इस्तेमाल किया जा रहा पाइप बरामद किया। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दीपका थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
सीआईएसएफ से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 28 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। क्यूआरटी के जवान नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान गेवरा खदान के गणेश डंपिंग क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक-911 के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं।
सुरक्षा बल को अपनी ओर आता देख कुछ संदिग्ध वाहन सहित मौके से फरार हो गए, जबकि दो लोगों को क्यूआरटी टीम ने घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमल सिंह कंवर (24 वर्ष), निवासी पिंजरी झाबर और ओम प्रकाश (30 वर्ष), निवासी चेतमा, पाली रोड के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से डीजल निकालने में प्रयुक्त पाइप तथा लगभग 60 लीटर डीजल बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में डोजर से डीजल चोरी करने के प्रयास की पुष्टि होने पर दोनों आरोपियों को दीपका थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों और राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा के लिए बल लगातार सतर्क निगरानी रखे हुए है। नियमित गश्त और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के चलते खदान क्षेत्रों में चोरी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार अंकुश लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई सीआईएसएफ की त्वरित प्रतिक्रिया, सतर्कता और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण उदाहरण है।











