आरंग। छत्तीसगढ़ में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला आरंग थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मोबाइल और नकदी लूट ली। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात युवक के 5 साल के मासूम बेटे के सामने हुई।
जानकारी के मुताबिक, सोनपैरी गांव के मुख्य नहर के पास यह घटना उस वक्त हुई जब ग्राम मोखला निवासी चंद्रप्रकाश डहरिया अपने बेटे के साथ ससुराल ‘तूता’ से बाइक पर घर लौट रहा था। तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने चंद्रप्रकाश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल चंद्रप्रकाश को राहगीरों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आरंग में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। अधिक खून बहने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। वहीं इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।







