Saturday, April 18, 2026

टाटा नेक्सन ईवी में आग, इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के बाद कार में आग लगने का पहला मामला

इलेक्ट्रिक स्कूटर के बाद अब इस सेगमेंट की कार में आग लगने का मामला सामने आया है। घटना मुंबई के पवई की है। गुरुवार को बीच सड़क टाटा की नेक्सन EV अचानक जल उठी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें फायरब्रिगेड की टीम आग बुझाते हुए नजर आ रही है। यह भारत में टाटा की इलेक्ट्रिक कार में आग लगने का पहला मामला है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कार मालिक ने ऑफिस में चार्जिंग की थी। जब वो इसे लेकर निकले तो अजीब सी आवाज आने लगी और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में अलर्ट मिलने लगा। इसे देख कर उन्होंने अपने व्हीकल को साइड में पार्क कर दिया। इसके कुछ देर बाद उसमें आग लग गई।

टाटा मोटर्स जांच में जुटी
इस मामले पर टाटा ने कहा, ‘हम इस घटना की जांच कर रहे हैं और जो भी जानकारी सामने आएगी उसे सभी के साथ शेयर किया जाएगा। हम अपने व्हीकल्स और उनके यूजर्स की सेफ्टी के लिए कमिटेड हैं। देश भर में लगभग 4 सालों में 30,000 से ज्यादा EVs ने कुल 10 लाख किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय की है, यह इस तरह की पहली घटना है।’

DRDO कर सकता है मामले की जांच
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि सरकार भी इस पूरी घटना की जांच करा सकती है। इसके लिए डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) के लैब से बात चल रही है। DRDO इससे पहले इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स में आग लगने के कई मामलों की जांच कर चुका है। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की जांच में सामने आया था कि आग लगने का कारण खराब क्वालिटी की बैटरी है।

ओला इलेक्ट्रिक के CEO भाविश अग्रवाल ने कहा, ‘इलेक्ट्रिक व्हीकल्स में आग लगने की घटनाएं सामने आएंगी ही। यह अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के बनाए वाहनों में भी होता है। हालांकि इलेक्ट्रिक व्हीकल्स में डीजल-पेट्रोल गाड़ियों की तुलना में आग लगने के मामले काफी कम हैं।’ बता दें कि इससे पहले ओला के इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में आग लगने की घटनाएं सामने आई थी। इसे लेकर उसकी खूब आलोचना भी हुई थी।