Friday, September 18, 2026

तेज रफ्तार माजदा ने तीन सगे भाइयों को कुचला, दो की मौत; तीसरा गंभीर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र में तेज रफ्तार माजदा वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन सगे भाइयों को चपेट में ले लिया। हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। तीनों भाई अपनी गर्भवती रिश्तेदार का हालचाल जानकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बातचीत करते समय तेज रफ्तार माजदा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन बिजली के खंभे से जा टकराया और चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

गर्भवती बेटी का हालचाल जानने गए थे

घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम भटगांव निवासी बरातु दास मानिकपुरी अपने भाइयों प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप मानिकपुरी के घर गए थे। बताया गया कि प्रदीप की बेटी गर्भवती है। तीनों भाई उसका हालचाल जानने के लिए वहां पहुंचे थे।

मुलाकात के बाद तीनों भाई वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने घर के सामने सड़क किनारे अपनी बाइक (CG 10 X 7988) खड़ी की और आपस में बातचीत करने लगे।

अचानक तेज रफ्तार माजदा ने मारी टक्कर

इसी दौरान सेवार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही माजदा वाहन (CG 10 C 1868) ने सड़क किनारे खड़े तीनों भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक माजदा के अगले पहिए में फंस गई और कुछ दूर तक घिसटती चली गई।

इसके बाद माजदा सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई। हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

दो भाइयों की मौके के बाद अस्पताल में मौत

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए बिल्हा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बरातु दास और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं।

वहीं, तीसरे भाई चंदू दास के कंधे और चेहरे पर गहरे जख्म हैं। उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस ने वाहन जब्त किया, चालक फरार

हादसे की सूचना मिलने पर मृतकों के बेटे रूपेन्द्र दास ने बिल्हा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त माजदा वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं, फरार चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने मामले में गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।