Saturday, July 4, 2026

दर्दनाक हादसा: खेत में करंट लगने से मां और दो बेटों की मौत, गांव में पसरा मातम

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में एक हृदयविदारक हादसे में खेत में काम करने गए एक ही परिवार के तीन सदस्यों की करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों में एक मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। एक साथ तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई शुक्रवार सुबह अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद था।

इसी दौरान अचानक तीनों करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि उन्हें संभलने या बचने का मौका नहीं मिला और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

खेत पहुंचा पति तो सामने था दर्दनाक मंजर

मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, घटना के समय काम पर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर जब पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले तो उन्होंने पहले आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की। काफी खोजबीन के बाद जब वे खेत पहुंचे तो वहां पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल कोटा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।