Tuesday, September 29, 2026

पहले झगड़ा किया फिर लूट लिया:पड़ोसी से विवाद हुआ, महिला रिपोर्ट लिखाने थाने गई तो नौकरानी-बच्चे को धमका जेवर-नगद ले गया युवक

कोरबा में एक आदतन बदमाश ने करीब 3 लाख की लूट कर ली है। पता चला है कि युवक रात को एक घर में घुसा था। जिसके बाद उसने सबसे पहले नौकरानी और बच्चे को धमकाकर कमरे में बंद किया। फिर घर में रखे जेवर समेत 3 लाख रुपए का माल ले उड़ा है। मामला CSEB चौकी क्षेत्र का है।

खपराभट्टा बस्ती में नीलू श्रीवास अपने परिवार के साथ रहती हैं। उनके परिवार और आदतन बदमाश सूरज हथठेल(24) का लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। इस बीच शुक्रवार को भी किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसी विवाद की शिकायत करने नीलू रात को करीब 10.30 बजे थाने गई थी।

बताया जा रहा है कि सूरज नीलू और उसके पति के घर से जाने के बाद घर में घुसा था। इसके बाद उसने नौकरानी और नीलू के बच्चे को ये कहते हुए धमकाया कि चलो कमरे के अंदर नहीं तो अच्छा नहीं होगा। फिर आलमारी में रखे ढ़ाई किलो चांदी, ढाई तोला सोना और 80 हजार रुपए कैश समेत 3 लाख रुपए का माल पार कर दिया। वारदात को अंजाम देकर वह भाग निकला है। इधर, कुछ समय बाद नीलू जब घर पहुंची। तब पूरे मामले का पता चला है।