बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता और बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। घर की बालकनी में लगी लोहे की ग्रिल में अचानक करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से कारोबारी राकेश गुप्ता और उनके 24 वर्षीय बेटे ओम गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पति और बेटे को बचाने पहुंचीं राकेश की पत्नी वर्षा गुप्ता भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गईं। उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर करने की तैयारी है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नेहरू चौक की है।
बालकनी की लोहे की ग्रिल छूते ही करंट से चिपके कारोबारी
जानकारी के मुताबिक, राकेश गुप्ता (45) पिता पुरुषोत्तम लाल गुप्ता शुक्रवार सुबह रोज की तरह नींद से जागने के बाद घर की बालकनी में गए थे। इसी दौरान उन्होंने वहां लगी लोहे की ग्रिल को हाथ लगा दिया। ग्रिल में पहले से करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसके कारण राकेश उसकी चपेट में आ गए और ग्रिल से चिपक गए।
पिता को बचाने पहुंचे बेटे की भी करंट से मौत
पिता को करंट से चिपका देख उनका 24 वर्षीय बेटा ओम गुप्ता उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन इस दौरान वह भी बिजली की चपेट में आ गया। इसके बाद पति और बेटे को बचाने पहुंचीं वर्षा गुप्ता (45) भी करंट की चपेट में आ गईं। बिजली का झटका लगने से वह दूर जा गिरीं और घायल हो गईं।
डॉक्टरों ने पिता-बेटे को मृत घोषित किया, पत्नी की हालत गंभीर
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से तीनों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल वर्षा गुप्ता का अस्पताल में उपचार जारी है। उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पिता और बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस घर की बालकनी की ग्रिल में करंट फैलने के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ग्रिल में बिजली का प्रवाह होने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।







