कोरबा जिले में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको पुलिस ने पुलिस और जनता के बीच समन्वय मजबूत करने के लिए अभिनव पहल करते हुए ग्राम रक्षा समितियों का गठन किया है।
थाना बालको नगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लगभग 300 महिला और पुरुषों को ग्राम रक्षा समिति का सदस्य बनाया गया। इस दौरान थाना बालको के मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, थाना प्रभारी युवराज तिवारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सदस्यों को परिचय पत्र भी वितरित किए गए।
बैठक में समिति के सदस्यों को गांवों में होने वाले अपराध, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस का कहना है कि ग्राम रक्षा समितियों के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण मजबूत होगा और पुलिस को समय पर सूचना मिलने से त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी। कोरबा पुलिस ने साफ किया है कि आम जनता की सहभागिता से ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।









