Sunday, August 9, 2026

बालिका छात्रावास में घुसे दो जंगली हाथी, 58 छात्राओं को आधी रात कराया गया शिफ्ट; दीवार तोड़कर अंदर पहुंचे

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही क्षेत्र में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दो जंगली हाथी अचानक बालिका छात्रावास परिसर में घुस आए। हाथियों के परिसर में पहुंचते ही छात्राओं और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल सभी 58 छात्राओं को आधी रात दूसरे सुरक्षित छात्रावास में शिफ्ट कर दिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी छात्रा को चोट नहीं आई।

पांच जगह से सुरक्षा दीवार तोड़कर घुसे हाथी

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात जंगल की ओर से आए दो हाथी छात्रावास परिसर तक पहुंच गए। परिसर में दाखिल होने के दौरान हाथियों ने सुरक्षा दीवार को करीब पांच स्थानों पर क्षतिग्रस्त कर दिया।

इसके अलावा परिसर में मौजूद गार्ड रूम के दरवाजे और खिड़कियों को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया। हाथियों के छात्रावास में घुसने की सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

रातभर मौके पर मौजूद रही प्रशासन और वन विभाग की टीम

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों और वन अमले ने पूरी रात परिसर के आसपास मौजूद रहकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी।

सबसे पहले छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद सभी 58 छात्राओं को दूसरे सुरक्षित छात्रावास में शिफ्ट किया गया।

वन विभाग की टीम ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि हाथी छात्रावास में मौजूद लोगों या आसपास की आबादी की ओर आगे न बढ़ें।

कटहल की खुशबू से हाथियों के आने की आशंका

प्रारंभिक तौर पर छात्रावास परिसर में मौजूद कटहल के पेड़ और उसकी खुशबू को हाथियों के वहां पहुंचने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, वन विभाग की टीम हाथियों के छात्रावास तक पहुंचने के वास्तविक कारणों और उनके मूवमेंट पर नजर रख रही है।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, जंगल और आबादी के बीच आवाजाही के दौरान भोजन की तलाश में हाथी कई बार मानव बस्तियों के नजदीक पहुंच जाते हैं।

पहले भी टूट चुकी है छात्रावास की दीवार

हाथियों के छात्रावास परिसर में घुसने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस सुरक्षा दीवार को इस बार हाथियों ने करीब पांच स्थानों पर तोड़ा, उसके एक हिस्से को पहले भी हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

लगातार दूसरी बार दीवार टूटने से छात्रावास को हाथियों से सुरक्षित रखने के मौजूदा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में अब स्थायी और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था तैयार करने की जरूरत महसूस की जा रही है।

क्षेत्र में घूम रहा तीन हाथियों का झुंड

वन विभाग के अनुसार, मरवाही क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तीन हाथियों का झुंड घूम रहा है। इसी झुंड में शामिल दो हाथी शनिवार रात छात्रावास परिसर तक पहुंच गए।

वन विभाग की टीम तीसरे हाथी की गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है। हाथियों की संभावित आवाजाही वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों और आसपास के लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।