
पुणे से सटे पिंपरी चिंचवाड़ में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि यहां एक बिल्ली की वजह से 8 घंटे तक बिजली गुल रही और इससे तकरीबन 100 करोड़ का नुकसान हुआ है। यह बिल्ली पिंपरी चिंचवाड़ के महापरेशन पावर ट्रांसफार्मर के अंदर फंस गई थी, जिसके कारण पिंपरी चिंचवाड़ शहर में भीषण गर्मी के बीच लोगों को 8 घंटे तक पॉवरकट झेलना पड़ा।
पिंपरी देश का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल हब माना जाता है। कई बड़ी इंडस्ट्रियल कंपनियां इस इलाके के MIDC में स्थित हैं। करीब 7500 प्रोडक्शन यूनिट पिंपरी चिंचवाड़ महानगर निगम क्षेत्र में मौजूद हैं। ऐसे में पावर कट की वजह से ज्यादातर यूनिट्स में 8 घंटे तक प्रोडक्शन लगभग ठप रहा। अनुमान है कि उद्योग जगत को इससे 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। हालांकि बिजली के झटके से बिल्ली की मौत हो गई, लेकिन उसे बाहर निकालकर बिजली फिर से चालू करने में महापरेशन अधिकारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पिंपरी के भोसरी में महापरेशन कंपनी के हाई वोल्टेज 220 केवी सबस्टेशन पर 100 एमवीए क्षमता का बिजली ट्रांसफार्मर बुधवार सुबह 6 बजे खराब हो गया था। नतीजतन, इस ट्रांसफार्मर की 10 बिजली लाइनें काट दी गईं और भोसरी MIDC परिसर के साथ-साथ नेहरू नगर, यशवंतनगर, शांतिनगर, इंद्रायणी नगर, चक्रपानी कॉलोनी, शास्त्री के लगभग 4500 औद्योगिक ग्राहक कट गए। भोसरी क्षेत्र और आकुर्दी क्षेत्र में हजारों ग्राहकों की बिजली आपूर्ति काट दी गई।










