नई दिल्ली । कोरोना वायरस का सबसे संक्रामक वैरिएंट ओमिक्रॉन भारत में भी तेजी से फैल रहा है. कोरोना संक्रमण के मामलों में भी तेजी देखी जा रही है. कोरोना की तीसरी लहर के बीच 10 जनवरी 2022 से भारत सरकार अपने नागरिकों को कोरोना वैक्सीन की तीसरी खुराक देने के अभियान की शुरुआत करने जा रही है. दुनिया भर के देशों में वैक्सीन की तीसरी खुराक को बूस्टर डोज कहा जा रहा है, लेकिन भारत ने इसे प्रिकॉशन डोज नाम दिया है.
इससे पहले 15 से 18 साल की आयु के किशोरों को वैक्सीन की खुराक देने के अभियान की शुरुआत हुई थी. टीनएजर्स ने बढ़-चढ़कर वैक्सीन की खुराक ली है. 3 जनवरी से 9 जनवरी 2022 तक 2.2 करोड़ वैक्सीन की डोज बच्चों को लग चुकी है. वहीं, देश में 15 साल से अधिक उम्र के लोगों को 151.57 करोड़ वैक्सीन की डोज लग चुकी है. पिछले 24 घंटे के दौरान 89 लाख कोरोना वैक्सीन की डोज लोगों को लगायी गयी. अब तीसरी डोज की भी शुरुआत होने जा रही है, जिसे बूस्टर डोज नहीं, प्रिकॉशन (एहतियाती) डोज नाम दिया गया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों कहा था कि 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को, जिनमें हार्ट डिजीज, डायबिटीज, किडनी की बीमारी के साथ-साथ अन्य गंभीर बीमारियां हैं, तो उन्हें सबसे पहले प्रिकॉशन डोज दिया जायेगा. हालांकि, स्वास्थ्य मंत्रालय ने सलाह दी है कि अपने डॉक्टर की सलाह पर ही लोग प्रिकॉशन डोज लें. 8 जनवरी से केंद्र सरकार के Co-WIN App पर प्रिकॉशन डोज के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है.
0 इन लोगों को मिलेगा तीसरा डोज
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश सुरक्षित करने वाली हेल्थ आर्मी की सुरक्षा सरकार सुनिश्चित कर रही है. करीब 1 करोड़ से अधिक हेल्थ वर्कर एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा 60+ नागरिकों को उनकी प्रिकॉशन डोज के लिए रिमाइंडर SMS भेजे गये है. COWIN पर अप्वाइंटमेंट पहले से शुरू है. कल से डोज लगाने का कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है.
फ्रंटलाइन वर्कर्स (स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिसकर्मी और अन्य सरकारी कर्मचारी) और कोमोरबिडिटी (गंभीर रूप से बीमार लोगों) वाले वरिष्ठ नागरिक तीसरी खुराक (प्रिकॉशनरी डोज) या booster doses of vaccines ले सकते हैं.
सरकार ने कहा है कि अगर आप प्रिकॉशनरी डोज लेना चाहते हैं, तो डॉक्टर से पहले परामर्श ले लें, लेकिन डॉक्टर के प्रमाण पत्र की कोई अनिवार्यता नहीं है. यानी डॉक्टर के प्रमाण के बगैर भी लोग वैक्सीन की तीसरी खुराक ले सकते हैं.









