Wednesday, June 3, 2026

भीषण सड़क हादसा: दो ट्रेलरों की टक्कर के बाद लगी आग, चालक जिंदा जला

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम झिंकाबहाल के पास दो कोयला लदे ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया, जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे की है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेलरों में देखते ही देखते आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैल गईं, जिससे एक चालक वाहन के भीतर ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर भी घटनास्थल पर जमा हो गए।

दोनों ट्रेलरों में लदा था कोयला

पुलिस के अनुसार, एक ट्रेलर गारे 4/6 माइंस से कोयला लेकर डोंगामौआ की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर ओडिशा की दिशा से किसी पावर प्लांट की ओर जा रहा था। टक्कर के कारण दोनों वाहनों में आग लग गई और एक चालक की जान चली गई।

मृतक की पहचान नहीं, दूसरा चालक फरार

पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। वहीं दूसरा चालक हादसे के बाद मौके से चला गया।

जांच में जुटी पुलिस

तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। मृतक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।