Tuesday, August 18, 2026

भ्रष्टाचार का खेल उजागर, पहले ही बारिश में टूटा 20 लाख से बना स्टाप डेम

बलौदा। लाखों रुपए से निर्मित स्टापडेम पहली बरसात में ही टूट गया। स्तरहीन निर्माण के चलते 19 लाख 90 हजार रूपए पानी में बह गए। बलौदा ब्लाक के ग्राम पंचायत करमा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत लगभग 19 लाख 90 हजार रूपए से स्टापडेम की स्वीकृति प्रदान की गई। स्टापडेम का निर्माण कार्य 25 जून 2019 को प्रारंभ कर 25 मार्च 2022 को पूर्ण किया गया । ग्राम पंचायत करमा के गंगदई नाला खारी में उक्त स्टापडेम का निर्माण किया गया है । इस स्टापडेम का निर्माण आसपास के खेतों में सिंचाई सुविधा और निस्तार के लिए लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए किया गया। लाखों रूपए से निर्मित स्टापडेम पहली ही बरसात में टूट गया । नाले के पानी का बहाव वह झेल नहीं सका। स्टापडेम निर्माण के समय नाला के पानी बहाव के लिए जेसीबी मशीन से मिट्टी कटवा किया गया लेकिन स्टापडेम बनने के बाद उस जगह को वैसे ही छोड़ दिया गया जिसके कारण स्टापडेम के टूटने से ग्राम केराकछार के किसानों की खेत की मिट्टी का कटाव शुरू हो गया है ।

यही हाल रहा तो किसानों के खेत में नाले का पानी घुस जाएगा और आसपास के किसानों की फसल चौपट हो जाएगी। निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत ने निर्माण किया मगर जिन पर मानिटरिंग की जवाब दारी थी उन्होंने भी इसका निरीक्षण नहीं किया। इसके चलते 19 लाख 90 हजार रूपए का स्टापडेम ऐसे ही बह गया।