मंत्रालय में सीएम विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार पर दिया जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय स्थित महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाने और कौशल विकास को नई गति देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

मुख्यमंत्री ने महानदी भवन में आयोजित कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि राज्य में जल्द ही नए उद्योग स्थापित होंगे, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। ऐसे में युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित करना बेहद जरूरी है।

नियमित रोजगार मेले और आईटीआई के आधुनिकीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में नियमित रोजगार मेले आयोजित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने तकनीकी संस्थानों, खासकर आईटीआई (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) के आधुनिकीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि उद्योगों की जरूरत के अनुसार कुशल मानव संसाधन तैयार किया जा सके।

सीएसएसडीए और लाइवलीहुड कॉलेज सोसायटी के एकीकरण को मंजूरी

बैठक में सीएसएसडीए और राज्य परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज सोसायटी के एकीकरण के प्रस्ताव पर सहमति जताई गई। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए।

4.90 लाख युवाओं को मिला प्रशिक्षण

अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत वर्ष 2013 से अब तक 4.90 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें से 2.71 लाख युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है।

मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, मुख्य सचिव विकासशील सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।