बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्ली राजहरा माइंस क्षेत्र में तीन भालू दिखाई देने से कर्मचारियों के बीच चिंता का माहौल है। माइंस में काम करने वाले कर्मचारियों ने भालुओं की मौजूदगी का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। इसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
माइंस क्षेत्र में तीन भालुओं की मौजूदगी से बढ़ी चिंता
जानकारी के अनुसार, दल्ली राजहरा माइंस क्षेत्र में कर्मचारियों को एक साथ तीन भालू दिखाई दिए। अचानक भालुओं को देखकर कर्मचारी सतर्क हो गए। इस दौरान उनकी मौजूदगी का वीडियो भी बनाया गया, जो अब चर्चा में है। वन विभाग को सूचना दिए जाने के बाद लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
वन विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
मामले की जानकारी मिलने पर दल्ली राजहरा वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष ठाकुर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने भालुओं के नजदीक नहीं जाने और उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। माइंस क्षेत्र में भालुओं की मौजूदगी को देखते हुए कर्मचारियों और आसपास के लोगों में चिंता बनी हुई है।
तीन दिन पहले शिव मंदिर परिसर में भी दिखा था भालू
बालोद जिले में भालुओं की मौजूदगी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले ग्राम भालूकोन्हा स्थित शिव मंदिर परिसर में भी देर रात एक भालू दिखाई दिया था। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी गतिविधियां कैद हुई थीं। इसके बाद रविवार को भालू को जंगल की ओर जाते देखा गया था।
लगातार अलग-अलग स्थानों पर भालुओं की मौजूदगी सामने आने के बाद लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। वन विभाग की अपील है कि भालू दिखाई देने पर उसके पास जाने, उसे घेरने या छेड़ने की कोशिश न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।






