
रायगढ़ में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मरने वालों में 10 साल की बच्ची, उसके पिता और दादी शामिल हैं। तीनों कुछ दिन पहले महुआ बीनने के लिए घर से निकले थे और जंगल में ही झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। वहां किसी ने पत्थर से मार-मार कर तीनों की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर SP और SDOP सहित कापू थाना प्रभारी व पुलिस मौके पहुंचकर घटना की जांच कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, चालहा गांव निवासी दुहनी बाई (65) अपने बेटे अमृत लाल (30) और नतिनी अमृता (10) के साथ तीन-चार दिन पहले महुआ बीनने के लिए आश्रित गांव धवाईडांड गए थे। वहां जंगल में ही महुआ के पेड़ के नीचे झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह जब ग्रामीण उधर से निकले तो तीनों के शव झोपड़ी के बाहर ही पड़े थे। इस पर उन्होंने कोटवार को सूचना दी।











