Saturday, May 16, 2026

वाहन चेकिंग के दौरान आरक्षक को कुचलने की कोशिश, पीछा कर पकड़ी गई कार

Durg में कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार चालक ने एक आरक्षक को कुचलने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस टीम ने पीछा कर कार को सिरसा गेट के पास पकड़ लिया। वाहन में दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा के अनुसार 15 मई को यातायात पुलिस द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सउनि सुशील पाण्डेय के साथ आरक्षक रमेश चंद्राकर की ड्यूटी रायपुर से दुर्ग मार्ग पर लगी हुई थी।

रात करीब 12:40 बजे रायपुर की ओर से तेज रफ्तार में एक कार आती दिखाई दी, जिस पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। वाहन क्रमांक MH 02 AY 3475 को रोकने के लिए आरक्षक रमेश चंद्राकर ने इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की गति और बढ़ा दी तथा आरक्षक के ऊपर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया।

खुद को बचाने के दौरान आरक्षक के दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई और वह वाहन के सामने गिर गया। आरोप है कि चालक ने उसके सिर के ऊपर भी कार चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन आरक्षक ने सतर्कता दिखाते हुए पीछे हटकर अपनी जान बचा ली।

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने यातायात पुलिस वाहन से कार का पीछा किया और सिरसा गेट के पास उसे पकड़ लिया। कार में दो युवक और दो युवतियां मौजूद थीं। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान रमजान और जाकिर मोहम्मद निवासी नागपुर के रूप में बताई।

पुलिस ने न्यू नेहरू नगर नागपुर निवासी रमजान और बड़ा ताजबाग सक्करदारा नागपुर निवासी जाकिर मोहम्मद के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास और मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वहीं वाहन में मौजूद युवतियों के परिजनों को सूचना देकर बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।