Raipur। राजधानी में एक शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेत्री मोनिका सिंह के परिवार से जुड़े लोग हथियार लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में मोनिका सिंह अपने पति ऋतुपर्ण सिंह के साथ हवाई फायरिंग करती दिखाई दे रही हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि कार्यक्रम में मौजूद महिलाएं, युवतियां और यहां तक कि एक बच्चा भी हाथ में बंदूक लिए नजर आ रहा है। ‘धुरंधर’ फिल्म के गाने पर रील बनाकर यह वीडियो पोस्ट किया गया, जिससे मामला और चर्चा में आ गया।
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो मोनिका सिंह के भाई प्रतीक की शादी समारोह का बताया जा रहा है, जहां मेहमानों की मौजूदगी में जमकर फायरिंग की गई। डीजे और फिल्मी गानों के बीच हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया, जो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मामले पर पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराई जाएगी। वहीं, कांग्रेस ने इस घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, पूरे मामले ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक आयोजनों में हथियारों के दुरुपयोग को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।









