दुर्ग जिले के लक्ष्मी मार्केट में सिलेंडर फटने से जगदंबा ज्वेलरी शॉप जलकर खाक हो गई। आसपास के लोगों ने मिलकर घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। बाद में दमकल भी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह से बुझाया गया। इस हादसे में जहां ज्वेलरी दुकान संचालक का लाखों रुपए का नुकसान हुआ है तो वहीं एक कर्मचारी भी झुलस गया है। उसे उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया सुपेला क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट में रविवार दोपहर 2 बजे के करीब यह हादसा हुआ है। यहां स्थित जगदंबा ज्वेलर्स में आभूषण गलाने के लिए एक गैस सिलेंडर रखा हुआ था। संचालन ने शायद ध्यान नहीं दिया कि सिलेंडर में लीकेज है। इसी दौरान अचानक दुकान में शॉर्ट सर्किट हुआ और सिलेंडर में आग लग गई।
सिलेंडर जलता देख संचालक सहित सभी कर्मचारी बाहर भागे। तभी अचानक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया और दुकान आग के गोले में तब्दील हो गई। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल को फोन किया। इससे पहले ही वहां के लोगों ने बाल्टी में पानी भरकर आग को बुझाने का प्रयास किया। आग पर लोगों ने काफी हद तक काबू पा लिया था। तभी वहां एक दमकल वाहन पहुंचा और उसके बाद आग को पूरी तरह से बुझाया गया। आग बुझते तक दुकान पूरी तरह से जल चुके थे।











