Wednesday, September 30, 2026

श्रीलंका में तेल के लिए भगदड़:सेना की मौजूदगी में बांटा जा रहा है पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल, कतार में खड़े तीन बुजुर्गों की मौत

हमारे पड़ोसी देश श्रीलंका इन दिनों आर्थिक संकट से जूझ रहा है। वहां जरूरी चीजों के भाव आसमान छू रहे हैं। डीजल-पेट्रोल और गैस के मामले में स्थिति कुछ ज्यादा ही गंभीर हो चुकी है। पेट्रोल-डीजल खरीदने के चक्कर में कुछ लोगों की मौत भी हो चुकी है। वहां अब हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि श्रीलंका की सरकार ने पेट्रोल पंपों ओर गैस स्टेशनों पर सेना तैनात करने का फैसला किया है।

पेट्रोल-डीजल की किल्लत

 

श्रीलंका में न सिर्फ डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़े हैं, बल्कि इनकी किल्लत भी हो गई है। इसके चलते पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हजारों लोग घंटों तक कतार में खड़े होकर तेल खरीद रहे हैं।

तीन बुजुर्गों की मौत

 

एक मीडिया रिपोर्ट में श्रीलंकाई सेना के प्रवक्ता नीलांथा प्रेमारत्ने के हवाले से बताया गया है कि घंटों तक कतार में खड़े रहने के बाद तीन बुजुर्गों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पेट्रोल पंपों पर सेना तैनात करने का निर्णय लिया गया है।

प्रेमारत्ने ने कहा कि सेना सिर्फ तेल बांटने में मदद करेगी जिससे कि हालात नहीं बिगड़ें। उन्होंने कहा कि देश के सभी पेट्रोल पंपों पर सेना के कम कम से कम 2-2 जवानों की तैनाती होगी।