Monday, May 25, 2026

सरगुजा संभाग में भीषण सड़क हादसे, 6 लोगों की मौत

सरगुजा संभाग में रविवार को हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। हादसों के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

चलती ट्रैक्टर में घुसी बाइक, 4 मजदूरों की मौत

पहली घटना बलरामपुर जिला के ग्राम पीपरपान में हुई। सनावल थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार बाइक चलती ट्रैक्टर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने वाहन नहीं रोका और घायलों को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद वह घायलों को तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गया।

मृतकों के बारे में जानकारी मिली है कि सभी आपस में चचेरे भाई थे और एक ही परिवार से ताल्लुक रखते थे। वे मजदूरी का काम करते थे तथा राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र समुदाय से जुड़े बताए जा रहे हैं।

NH-130 पर कार की टक्कर से 2 ग्रामीणों की मौत

दूसरी घटना नेशनल हाईवे-130 पर जजगा के पास हुई। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो ग्रामीणों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर उछलकर दूर जा गिरे और कई मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक दोनों ग्रामीण मेहमानी में जजगा आए थे और रात करीब 10 बजे अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

पुलिस जांच में जुटी

दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रैक्टर चालक और कार चालक की तलाश की जा रही है। हादसों के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया।