Sunday, May 24, 2026

हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा युवक, गांव में मचा हड़कंप; पुलिस और परिजन समझाने में जुटे

धमतरी जिले के भेंड्रा गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर के पास से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर युवक पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, भेंड्रा निवासी यादराम साहू एक दिन पहले भी हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया था और घंटों तक वहां बैठा रहा। शुक्रवार को उसने फिर वही हरकत दोहराई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और परिजन युवक को नीचे उतारने की कोशिश में जुटे हुए हैं। हालांकि टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण उससे बातचीत करने में काफी दिक्कत आ रही है।

पारिवारिक विवाद की आशंका

ग्रामीणों के मुताबिक, यादराम साहू की दो पत्नियां हैं और वह दोनों को एक ही घर में साथ रखना चाहता है। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक तनाव और शराब के नशे में युवक टॉवर पर चढ़ गया।

हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक के नीचे उतरने के बाद ही पूरे मामले की सही जानकारी सामने आ सकेगी। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद अस्पताल भेजने की तैयारी भी की जा रही है।

पहले भी कर चुका है ऐसा प्रयास

स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार से पहले भी युवक टॉवर पर चढ़ा था, लेकिन समझाइश के बाद नीचे उतर आया था। इस बार भी पुलिस और परिजन लगातार उसे समझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।