Sunday, May 10, 2026

अतिथि के दर्जे पर बवाल:भाजपा नेता ने मुस्लिम धर्मगुरु को राजकीय अतिथि बनाने पर उठाया सवाल;जवाब में कांग्रेस ने ‌BJP सरकार के आदेश सार्वजनिक किए

छत्तीसगढ़ में विपक्ष की ओर से साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण की कोशिशे जारी हैं। भाजपा के पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल ने मुस्लिम धर्मगुरु हाशिमुद्दीन अल-कादरी अल-गिलानी अल-बगदादी को राजकीय अतिथि का दर्जा देने पर सवाल उठाए हैं। जवाब में कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने पूर्ववर्ती रमन सिंह सरकार के समय जारी ऐसे ही आदेश सार्वजनिक कर दिए हैं।

ईराक के बगदाद के प्रसिद्ध मुस्लिम धर्मगुरु हाशिमुद्दीन अल-कादरी अल-गिलानी अल-बगदादी इन दिनों छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। वे जगदलपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे हैं। अल-बगदादी, सूफी संत गौसे आजम के वंशज बताए जाते हैं। राज्य सरकार ने उन्हें राज्य अतिथि का दर्जा दिया है। पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल ने राजकीय अतिथि के दर्जे पर सवाल उठा दिए हैं। पटेल ने सोशल मीडिया पर सरकार की ओर से जारी आदेश को साझा करते हुए लिखा, इस्लामी देश से आए इराकी धर्मगुरु हाशिमुद्दीन अलकादरी जिलानी अब छत्तीसगढ़ के राजकीय मेहमान बने! पटेल ने लिखा, संतों को घसीटेंगे, गाली देंगे और धर्म विशेष के विदेशियों को राजकीय मेहमान बनाएंगे।