Monday, May 18, 2026

अमित शाह बोले- गुंडाधुर की धरती बनेगी तीर्थस्थल, आदिवासी युवाओं को सरकारी नौकरी में मिलेगा 15% आरक्षण

शाह ने नेतानार के मंच से आदिवासी युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया।जगदलपुर। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने नक्सलवाद के खात्मे के बाद पहली बार बस्तर पहुंचकर नेतानार में बड़ा संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि गुंडाधुर की ऐतिहासिक धरती को अब तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही आदिवासी युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 15 प्रतिशत आरक्षण देने का बड़ा ऐलान भी किया।

नेतानार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि पिछले छह महीनों में हुए कार्यों के बाद अब यह पूरा क्षेत्र आदिवासियों से भरा दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इसी धरती से अमर शहीद Gundadhur ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी।

गृह मंत्री ने बस्तर के पुराने हालात का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब यहां एक साथ कई पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी जाती थी, स्कूलों को उजाड़ दिया जाता था और गरीबों का राशन तक छीन लिया जाता था। उन्होंने कहा कि नक्सलियों का खौफ इतना था कि मासूम बच्चों को जबरन उठा लिया जाता था।

अमित शाह ने कहा कि सरकार ने कड़े कदम उठाकर बस्तर से “गनतंत्र” को खत्म करने का काम किया है। अब सरकार का फोकस विकास और सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर है। उन्होंने बताया कि आदिवासी बच्चों को आधुनिक शिक्षा और सुविधाएं दी जा रही हैं। गरीब परिवारों तक साफ पेयजल, राशन कार्ड, आधार कार्ड और 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा पहुंचाई जा रही है।

डायल-112 के 400 हाईटेक वाहनों को दिखाई हरी झंडी

इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर के माना स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTS) में डायल-112 सेवा के 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के जरिए अब क्राइम, मेडिकल इमरजेंसी और आगजनी जैसी घटनाओं में लोगों को एक ही नंबर पर त्वरित सहायता मिलेगी।

अमर वाटिका में शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि

नेतानार कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर पहुंचे, जहां वे अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होकर विकास और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।