रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन है। आज का सत्र विधायी कार्यों, महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित करने और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रश्नकाल के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री राजेश अग्रवाल, आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम और वित्त व आवास मंत्री ओपी चौधरी सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल महत्वपूर्ण पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे।
औद्योगिक विकास और ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस पर जोर
आज सदन में विकास और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए बड़े कदम उठाए जाएंगे:
-
छग ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक: राज्य में व्यापार को सरल बनाने और निवेश को आकर्षित करने के लिए इस महत्वपूर्ण विधेयक को आज पारित किया जाएगा।
-
औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन संशोधन अधिनियम: उद्योग मंत्री द्वारा इस अधिनियम को सदन में पेश किया जाएगा, जिसका उद्देश्य राज्य की औद्योगिक नीतियों को और अधिक मजबूत बनाना है।
सुरक्षा और कानून व्यवस्था
गृहमंत्री विजय शर्मा आज सदन में अग्निशमन एवं आपातकालीन (सेवा) संशोधन विधेयक को पारित करने के लिए प्रस्तुत करेंगे। इस विधेयक के पारित होने से राज्य में अग्निशमन सेवाओं और आपातकालीन प्रबंधन को नई दिशा मिलेगी।











