Wednesday, April 15, 2026

छत्तीसगढ़: शादी के 2 दिन बाद दूल्हे की सड़क हादसे में मौत, घर में छाया मातम

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी के महज दो दिन बाद दूल्हे की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ठाकुरपोड़ी निवासी देवांगन सिदार (35) की बारात 8 अप्रैल को जशपुर जिले के कोतबा गई थी, जहां विवाह संपन्न हुआ। इसके बाद 9 अप्रैल को गांव में रिसेप्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शादी के सभी कार्यक्रम संपन्न होने के बाद 10 अप्रैल को यह हादसा हो गया।

टेंट का सामान छोड़ने जा रहे थे

बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल की शाम देवांगन सिदार अपने चाचा संजय सिदार के ट्रैक्टर में टेंट का सामान लोड कर दोस्तों के साथ पास के गांव बालापोढ़ी जा रहा था। इसी दौरान सतीपारा सरपंच के घर के पास पहुंचते ही ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके कारण वाहन बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में देवांगन सिदार ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

तीन दोस्त घायल

इस दुर्घटना में दूल्हे के साथ मौजूद उसके तीन दोस्त भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

संविदा कर्मचारी था मृतक

देवांगन सिदार गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर (संविदा) के रूप में कार्यरत था। घर में 5 अप्रैल से शादी की तैयारियां चल रही थीं और खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।