Saturday, September 12, 2026

 दीपका में 11वीं के छात्र की कमरे में जलकर मौत, अंदर से बंद था दरवाजा; मोबाइल फटने या आत्महत्या की चर्चा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपका बस्ती में शुक्रवार सुबह एक 17 वर्षीय छात्र की जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान दिलीप कंवर के रूप में हुई है, जो स्वामी आत्मानंद स्कूल दीपका में कक्षा 11वीं में पढ़ता था। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण समय पर मदद नहीं पहुंच सकी।

छत से धुआं दिखाई दिया, दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे दिलीप की बड़ी मां घर की छत पर कपड़े सुखा रही थीं। इसी दौरान उन्हें नीचे स्थित कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत परिजनों को आवाज देकर बुलाया।

परिजन कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने दरवाजा तोड़ा। कमरे के अंदर धुआं भरा हुआ था और दिलीप गंभीर रूप से जला हुआ पड़ा था।

परिजन उसे तत्काल बाहर लेकर आए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

कमरे से ऑयल पेंट और माचिस मिली

घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से ऑयल पेंट और माचिस मिली है।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों और आसपास के लोगों के बीच ऐसी चर्चा है कि आग मोबाइल फटने से लगी हो सकती है या फिर यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने इन दोनों संभावनाओं की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस के अनुसार आग लगने के वास्तविक कारण का पता फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

सप्लीमेंट्री पास करने के बाद तीन दिन पहले ही शुरू किया था स्कूल जाना

दिलीप स्वामी आत्मानंद स्कूल दीपका में 11वीं कक्षा का छात्र था। उसने हाल ही में सप्लीमेंट्री परीक्षा पास की थी और करीब तीन दिन पहले ही स्कूल जाना शुरू किया था।

बताया गया है कि कुछ ही दिनों में उसकी अर्धवार्षिक परीक्षा होने वाली थी और वह इसकी तैयारी कर रहा था। उसके पिता SECL की बगदेवा खदान के ब्लास्टिंग विभाग में कार्यरत हैं।

परिवार में पसरा मातम

घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। जवान बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों के साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।