Friday, May 8, 2026

बम बनाने का रॉ-मटेरियल मिलने से हड़कंप, कांग्रेस नेता के साले पर केस दर्ज

इस सामान बैग से बरामद किया था पुलिस ने।Raipur के रावाभाठा इलाके में देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध सामान मिलने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता के साले बताए जा रहे विनय देवांगन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

खमतराई पुलिस के मुताबिक, रविशंकर शुक्ल वार्ड निवासी मितानिन पुष्पा साहू के घर एक संदिग्ध बैग रखा गया था। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम विनय देवांगन बैग लेकर उनके घर पहुंचा और कुछ समय के लिए बैग रखने की बात कहकर वहां से चला गया।

बैग को लेकर पुष्पा साहू को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को इसकी जानकारी दी। अगले दिन सुबह पार्षद स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और बैग की जांच की गई।

जांच के दौरान बैग के अंदर एयरगन, बैटरी, वायर, दो बोतल कैमिकल और डेटोनेटर जैसी संदिग्ध सामग्री मिली। सामान देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध सामग्री को जब्त कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी विनय देवांगन के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि बरामद सामग्री किस उद्देश्य से रखी गई थी और इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है।