बिलासपुर/सक्ती। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने रविवार को दो बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी बाबू और एक पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
बिलासपुर: ADM दफ्तर का बाबू गिरफ्तार
बिलासपुर कलेक्ट्रेट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को ACB टीम ने 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) एवं न्याय निर्णयन अधिकारी कार्यालय में पदस्थ था।
जानकारी के मुताबिक, कोटा निवासी होटल संचालक देवेंद्र कश्यप के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई चल रही थी। इस मामले में आरोपी बाबू ने जुर्माना कम कराने के नाम पर 20 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता से वह पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था और बाकी 15 हजार लेते हुए पकड़ा गया।
ACB ने ट्रैप प्लान के तहत आरोपी को ADM कार्यालय में ही दबोच लिया और रिश्वत की रकम बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
सक्ती: ASI भी रिश्वत लेते पकड़ा गया
वहीं, सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को भी 20 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।
बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने शिकायत की थी कि मारपीट के मामले में कार्रवाई से बचाने के बदले ASI ने 40 हजार रुपए की मांग की थी। आरोपी पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था।
रविवार को दूसरी किश्त लेने के लिए चंद्रपुर के एक ढाबे में बुलाया गया, जहां जैसे ही आरोपी ने 20 हजार रुपए लिए, ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।








