दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां कुम्हारी थाना क्षेत्र के खपरी गांव में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक 4 साल की मासूम बच्ची भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, खपरी गांव स्थित एक मकान में अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि देखते ही देखते पूरे घर में आग फैल गई और लपटों ने मकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके।
हादसे में अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और गोपिका वैष्णव (4 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद घर के अंदर से चारों के शव बरामद किए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, एसएसपी विजय अग्रवाल और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।









