Sunday, May 10, 2026

लापता युवक की हत्या!:घर से जसगीत प्रतियोगिता देखने के लिए निकला था, फिर नहीं लौटा, 36 घंटे बाद तालाब में मिली लाश

छत्तीसगढ़ के जांजगीर में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव सोमवार को तालाब में तैरता हुआ मिला है। युवक घर से जसगीत (छत्तीसगढ़ी भक्ति गीत) प्रतियोगिता देखने के लिए निकला था। इसके बाद नहीं लौटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। मामला हसौद थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत पेंड्री में 6 नवंबर को लक्ष्मी पूजा का आयोजन था। इसमें जसगीत प्रतियोगिता भी रखी गई थी। प्रतियोगिता देखने के लिए स्थानीय निवासी सुनील महंत (24) पुत्र स्व. ननकू दास महंत भी गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। अगले दिन परिजनों ने सुनील की रिश्तेदारी और अन्य जगह तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और गुमशुदगी दर्ज करा दी।