बुधवार देर रात राजधानी की एक शराब दुकान में कुछ गुंडों ने खूब उत्पात मचाया। दुकान के सामानों को पटका और अंदर मौजूद स्टाफ पर चाकू से जानलेवा हमला किया। किसी की कमर में चाकू घुसा दिया तो किसी के सीने में। इस घटना में शराब दुकान के मैनेजर समेत तीन स्टाफ बुरी तरह से घायल हैं। घायलों का इलाज सड्डू इलाके के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विधानसभा थाने की पुलिस ने इस मामले में 7 युवकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इन पर बलवा करने, गाली गलौज, मारपीट और चाकू से जानलेवा हमला करने जैसी करतूतों की वजह से अलग-अलग 7 गंभीर धाराओं में केस रजिस्टर किया गया है। शराब दुकान में मारपीट करने वाले इन युवकों के नाम सहदेव सोनी, रवि सोनी, घनश्याम सोनी, सोमनाथ सोनी, रोहित सागर, राम सोना और मिथिलेश विश्वकर्मा हैं।







