राजनांदगांव।Pradeep Mishra की शिवपुराण कथा आयोजित कराने के नाम पर राजनांदगांव जिले में 21 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति ने छुरिया ब्लॉक के ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी दिनेश साहू हर वर्ष अपने गांव में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा आयोजित कराता रहा है, जिससे समिति के लोगों को उस पर भरोसा था। इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसने 8 मई से 14 मई 2026 तक शिवपुराण कथा कराने का आश्वासन दिया। समिति का आरोप है कि दिनेश साहू ने कथा आयोजन के नाम पर दो किश्तों में कुल 21 लाख रुपये नगद लिए थे।
समिति के सदस्यों का कहना है कि पहले 5 लाख और बाद में 16 लाख रुपये आरोपी को उसकी किराना दुकान में दिए गए। कथा की तैयारी भी बड़े स्तर पर शुरू कर दी गई थी। पोस्टर, बैनर और निमंत्रण पत्र तक छपवा दिए गए थे। इसी बीच समिति को जानकारी मिली कि जिन तारीखों में कथा आयोजन बताया गया था, उन्हीं दिनों पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम झारखंड के रांची में पहले से तय है।
मामले की सच्चाई जानने के लिए समिति के सदस्य मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरश्वर धाम पहुंचे। वहां कथित तौर पर पंडित प्रदीप मिश्रा के कार्यालय से पता चला कि अंबागढ़ चौकी में कथा आयोजन के लिए कोई राशि जमा ही नहीं कराई गई थी। इसके बाद समिति ने दिनेश साहू से पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोप है कि वह लगातार टालमटोल करता रहा और रकम नहीं लौटाई।
पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाए जाने पर आरोपी दिनेश साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा और नाराजगी का माहौल है।







