Thursday, May 7, 2026

सिम्स के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप, मामूली घायल युवक की ऑपरेशन के बाद मौत

बिलासपुर। सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान एक आदिवासी युवक की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना से आक्रोशित परिजनों और सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मृतक की पहचान रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडरवा निवासी महेश सिंह राज (28) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, महेश शनिवार को अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहा था, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसके पैर में चोट आई थी।

फ्रैक्चर के इलाज के दौरान हुआ ऑपरेशन
घायल महेश को परिजनों ने डायल 112 की मदद से सिम्स अस्पताल पहुंचाया। जांच में पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने की बात कही। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान पैर की नस काट दी गई, जिससे अत्यधिक खून बहने लगा और महेश की हालत बिगड़ गई।

ऑपरेशन के बाद नहीं आया होश, देर रात मौत
महेश के भाई चरण सिंह राज के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद मरीज को होश नहीं आया। देर रात डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई।

जूनियर डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि सीनियर डॉक्टर की जगह जूनियर डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया और इलाज में गंभीर लापरवाही बरती, जिसके चलते युवक की जान चली गई।

कलेक्ट्रेट का घेराव, जांच की मांग
घटना से नाराज परिजनों और सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। उन्होंने मांग की है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बनाकर मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।