knn24news/ कटघोरा के विधायक और परियोजना सलाहकार मण्डल के अध्यक्ष श्री पुरूषोत्तम कंवर ने आज कलेक्टोरेट सभा कक्ष में आयोजित एकीकृत आदिवासी विकास सलाहकार मण्डल की बैठक में छह करोड़ रूपए से अधिक की विकास योजनाओं को मंजूरी दी। जिले के आदिवासी क्षेत्रों में खेती-किसानी, शिक्षा की बेहतरी, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, आश्रम छात्रावासों के सुदृढ़ीकरण पर यह राशि वर्ष 2020-21 में खर्च होगी। इस अवसर पर श्री पुरूषोत्तम कंवर ने कहा कि आदिवासी और दूरस्थ वनांचलों के विकास के लिए एकीकृत परियोजनाएं विशेष रूप से सफल होती है। खेती-किसानी के साथ दूरस्थ अंचलों में बच्चों को पढ़ने के लिए सुविधाएं विकसित करने में इन परियोजनाओं से आसानी होती है। उन्होंने इस वर्ष स्वीकृत राशि का शत-प्रतिशत उपयोग आदिवासी अंचल के क्षेत्रों में ही करने के निर्देश बैठक में अधिकारियों को दिए। श्री कंवर ने कहा कि विशेष आदिवासी विकास परियोजनाओं से अधिक से अधिक हितग्राहियोे को जोड़ा जाए और उनकी जरूरतों के हिसाब से ही कार्य स्वीकृत किए जाएं। इस बैठक में रामपुर विधायक श्री ननकी राम कंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर, कोरबा विधायक प्रतिनिधि के तौर पर श्री संतोष राठौर, जिला पंचायत सदस्य प्रीति कंवर, जनपद पंचायत कटघोरा की अध्यक्ष श्रीमती लता कंवर, श्री हिमांचल सिंह कंवर, श्री गणराज सिंह कंवर, श्री हर्ष कंवर, श्रीमती संतोषी पेंद्रो, पुष्पा कंवर सहित सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।












