Friday, May 15, 2026

कोयला मजदूर सभा की बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, छोटे मुद्दों पर आंदोलन करने की अपील

कोरबा। कोयला मजदूर सभा के तत्वावधान में 14 मई 2026 को कोरबा क्षेत्र एवं सीडब्ल्यूएस कोरबा कोयला मजदूर सभा कार्यालय में सेंट्रल वर्कशॉप मानिकपुर-रजगामार की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, श्रमिकों की समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने और संगठन विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बजरंगी शाही उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता केदारनाथ अग्रवाल ने की। इस दौरान गिरिजा साहू, एसएन मिश्रा, अजीत पांडे, दीपक दुबे तथा दूज राम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए केदारनाथ अग्रवाल ने कहा कि मजदूरों की छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर भी आंदोलन किया जाना चाहिए, क्योंकि इसी से श्रमिकों का संगठन से जुड़ाव बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें बुलाया जाएगा, वे श्रमिकों के बीच उपस्थित रहेंगे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं केंद्रीय अध्यक्ष बजरंगी शाही ने कहा कि कोरबा क्षेत्र से केंद्रीय कार्यकारिणी में किसी प्रतिनिधि का नाम नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में महामंत्री से चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने महामंत्री के खिलाफ किए जा रहे कथित झूठे प्रचार को गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने 40 वर्षों की मेहनत और संघर्ष से कोयला मजदूर सभा को इस मुकाम तक पहुंचाया है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम के अंत में अजीत पांडे ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। बैठक में रजगामार, मानिकपुर, मार्गपुर और सेंट्रल वर्कशॉप से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।