Wednesday, June 10, 2026

छत्तीसगढ़ में मानसून से पहले बढ़ी उमस, 3-4 दिन में दस्तक के संकेत; तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई इलाकों में इन दिनों उमस और चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं और अगले कुछ दिनों में इसकी दस्तक संभव है।

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार तक पहुंच चुका है। ऐसे में छत्तीसगढ़ में भी मानसून के प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं आगामी दो दिनों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

पिछले 24 घंटों में शंकरगढ़, मंदिर हसौद और खरोरा में 10-10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश देखने को मिली।

राजधानी रायपुर के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और उमस बनी रहेगी। शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।