बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में जेसीबी का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पंचर टायर में हवा भरते समय उस पर चार लोग बैठे हुए थे और आसपास अन्य लोग मौजूद थे। तभी अचानक टायर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे वहां मौजूद लोग 10 से 15 फीट तक हवा में उछल गए।
हादसे में हेल्पर उमाकांत कौशिक के सिर में गंभीर चोट आई और जबड़ा उखड़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऑपरेटर और मैकेनिक समेत तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि टायर का लोहे का डिस्क 30-40 फीट दूर जा गिरा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।











