Tuesday, March 17, 2026

दो ट्रकों में 48 मवेशियों के साथ कोरिया में चार गिरफ्तार, सीधीे से ले जा रहे थे कोतमा

बैकुंठपुर। कोरिया जिले की पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। दो ट्रकों को रोककर तलाशी लेने पर पता चला कि दोनों में मिलाकर कुल 48 मवेशी थे। इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मामला जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र का है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि वे मध्य प्रदेश के ​सीधी जिले से इन मवेशियों को छत्तीसगढ़ के रास्ते कोतला ले जा रहे थे। पुलिस उनसे और पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।

केल्हारी थाना प्रभारी जवाहरलाल गायकवाड़ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने अवैध जुआ सट्टा और पशु तस्करी के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे । इसी दौरान शनिवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि दो गाड़ियों में 48 मवेशियों को भरकर कुछ आरोपित लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कोरिया प्रफुल्ल कुमार ठाकुर को दी गई । जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और अनु विभागीय अधिकारी पुलिस राकेश कुमार कुर्रे के निर्देश पर ग्राम पंचायत तिलोखन मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए दो गाड़ियों को रोका गया । पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है कि वे मवेशियों को कहां ले जा रहे थे।

जब गाड़ियों की तलाशी ली गई तो उसमें 48 मवेशियों को ठूंस—ठूंस कर भरा गया था । जब वाहन में सवार लोगों से दस्तावेज की मांग की गई तो उनके द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया । इसके बाद पुलिस ने पशु अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन चालको समेत कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है ।