झारखंड में देवघर एयरपोर्ट के एटीसी पर दबाव बनाकर सूर्यास्त के बाद चार्टर्ड प्लेन टेक ऑफ कराने के मामले में भाजपा नेताओं समेत नौ के खिलाफ थाने में शिकायत की गई है। शिकायत में गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे, उनके दोनों बेटों, सांसद मनोज तिवारी और भाजपा नेता कपिल मिश्रा का नाम शामिल है।
यह शिकायत देवघर एयरपोर्ट पर तैनात डीएसपी सुमन अमन ने जिले के कुंडा थाना में दर्ज कराई है। डीएसपी सुमन अमन के मुताबिक 31 अगस्त को देवघर एयरपोर्ट में गोड्डा के सांसद, उनके दोनों बेटों और मनोज तिवारी और अन्य ने ATC के अंदर बिना किसी अनुमति के प्रवेश किया। ATC के कर्मचारियों पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए जबरन क्लीयरेंस लेने की कोशिश की। उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि देवघर एयरपोर्ट में नाइट टेक ऑफ और लैंडिंग की सुविधा अभी तक उपलब्ध नहीं है।
इस सुविधा के नहीं होने के कारण लो विजिबिलिटी और खराब मौसम की वजह से सूर्यास्त के बाद एयरक्राफ्ट को एटीसी क्लीयरेंस सामान्य तौर पर देना मुमकिन नहीं था। डीएसपी ने अपनी शिकायत में लिखा है कि जब वह एटीसी कंट्रोल रूम पहुंचे तो वहां एयरपोर्ट के डायरेक्टर संदीप ढींगरा और चार्टर्ड प्लेन के पायलट पहले से उपस्थित थे।
उस समय चार्टर्ड प्लेन के पायलट के द्वारा उपस्थित कर्मियों पर दबाव डालकर बोला जा रहा था कि चार्टर्ड प्लेन के यात्रियों को आज ही वापस जाना अति आवश्यक है। इसलिए क्लीयरेंस दिया जाए। कुछ ही देर बाद सांसद और उनके दोनों पुत्र भी वहां पहुंच गए। उन्हें रूम में देखकर आश्चर्य हुआ और असहज महसूस किया।










