सक्ती, 5 अप्रैल। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत बीते दो दिनों से विधानसभा क्षेत्र सक्ती एवं जिला सक्ती के प्रवास पर रहे। नवरात्रि पर्व के अवसर पर उन्होंने विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किया और कई वैवाहिक समारोहों में शामिल होकर लोगों को आशीर्वाद दिया।
डॉ. महंत ने चंद्रपुर स्थित चंद्रहासिनी देवी मंदिर और अड़भार स्थित अष्टभुजी देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम अमनदुला में चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव के पारिवारिक विवाह उत्सव में भी शिरकत की।
डॉ. महंत ग्राम अर्जुनी पहुंचे, जहां गोंडवाना आदिवासी समुदाय के पवित्र देवस्थल में गुरुमाता तिरुमाय दुलेश्वरी सिदार एवं विधायक रामकुमार यादव की पुत्री शांता देवी के विवाह उत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर सक्ती, जांजगीर, कोरबा, रायगढ़ तथा उड़ीसा प्रदेश से हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग उपस्थित रहे। विवाह कार्यक्रम में बाजे-गाजे के साथ डॉ. महंत और विधायक रामकुमार यादव का भव्य स्वागत किया गया।
सपनाईपाली के सरपंच विशाल जांगड़े ने अतिथियों का अभिनंदन किया। गोंडवाना समाज के गुरुदेव दुर्गे भगत और गुरुमाता दुलेश्वरी की पुत्री के विवाह को लेकर बड़ादेव स्थल में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ आयोजन हुआ, जिसमें आदिवासी समाज की व्यापक उपस्थिति रही।







