सरकारी सिस्टम के घूसखोरी के जाल में छत्तीसगढ़ की एक घरेलू नौकरानी फंस गई है। खेत के नामांतरण के लिए उसने तहसील जाकर पटवारी से संपर्क किया तो उसने 3 हजार रुपए मांगे। कुछ दिन तक वह चक्कर लगाती रही। इसी बीच पटवारी का तबादला हो गया। अब नया पटवारी आया तो महिला से 20 हजार रुपए की डिमांड रख दी। सारा मामला कोरबा की पसान तहसील का है। इसके बाद स्थानीय विधायक ने SDM से जांच के लिए कहा है।
जानकारी के मुताबिक, पोंडी उपरोड़ा ब्लॉक के पसान क्षेत्र आश्रित ग्राम बोकरा मुड़ी निवासी मुन्नी बाई को अपने खेत का नामांतरण कराना है। इसके लिए उसने पसान तहसील में आवेदन किया था। मुन्नी बाई का आरोप है कि पटवारी दामोदर तिवारी ने उससे नामांतरण की एवज में 20 हजार रुपए मांगे हैं। इससे पहले वाले पटवारी विजय प्रताप सिंह को भी वह 3 हजार रुपए दे चुकी थी, लेकिन आज तक उसका नामांतरण नहीं हुआ।









