बलौदा – जिले में रविवार को 10वीं का छात्र नदी में डूब गया। उसका सोमवार दोपहर तक कुछ पता नहीं चल सका है। SDRF की टीम पिछले 21 घंटे से उसकी तलाश कर रही है। लड़का परिवार के साथ पिकनिक मनाने के लिए आया था। नहाते वक्त पत्थर में पैर फंसने उसके डूबने की आशंका जताई गई है। मामला पंतोरा चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को कोरबा के दीपका इलाके से आयुष्मान सिंह(15) पिता अशोक प्रवीण सिंह अपने परिवार के साथ जिले के देवरी पिकनिक स्पॉट में पिकनिक मनाने आया था। दोपहर को करीब 1 से 2 बजे के बीच आयुष्मान अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ नहाने के लिए नदी में गया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल सका है।











