Sunday, April 19, 2026

बरसते पानी में नवजात को फेंका:सड़क किनारे मिला शव, ठंड और बारिश से मौत होने की आशंका; पुलिस बोली- DNA टेस्ट कराएंगे

कांकेर में एक बार फिर मानवता शर्मसार हो गई। एक नवजात को कोई बरसते पानी में सड़क किनारे फेंक गया। रात भर बारिश और ठंड में पड़े रहने के कारण नवजात की मौत हो गई। अगले दिन जब खेत जा रही महिलाओं ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और DNA सैंपल जांच के लिए भेजा है। मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है।

 

जानकारी के मुताबिक, भानुप्रतापपुर और दल्ली राजहरा के बीच ग्राम पंचायत साल्हे के आश्रित ग्राम टेकातोड़ा से लगे स्टेट हाईवे पर नवजात का शव एक कपड़े के थैले में मिला है। बुधवार को जब महिलाएं खेत जाने लगीं तो झोला देखकर रुक गईं। उन्होंने कपड़ा हटाकर देखा तो अंदर बच्चे का शव था। पुलिस पहुंची, लेकिन आसपास ऐसा कुछ नहीं मिला जिससे बच्चे की पहचान हो सके।