मनसे नेता ने बुजुर्ग महिला को चांटा मारा:पीड़ित बोली- शॉप के सामने पोल लगा रहा था, विरोध किया तो बदसलूकी करने लगा

राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता ने एक बुजुर्ग महिला को सरेआम थप्पड़ जड़ा और धक्के दिए। मुंबई के मुंबा देवी इलाके में हुई इस घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है। पीड़ित महिला का नाम प्रकाश देवी है। मनसे कार्यकर्ताओं ने उनकी मेडिकल शॉप के सामने प्रचार के लिए पोल लगाया था, जिस पर महिला ने आपत्ति जताई थी।

मारपीट करने वाले नेता का नाम विनोद अर्गिले है। वीडियो में कई लोग अर्गिले को खींचते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिर भी वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया। नेता ने बुजुर्ग महिला प्रकाश देवी को कई बार धक्के भी दिए, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। घटना 28 अगस्त की है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

मुंबई का मुंबा देवी इलाका मंदिर के लिए मशहूर है। इस इलाके में मनसे कार्यकर्ता बांस के खंभे लगा रहे थे, लेकिन प्रकाश देवी ने उनसे कहा कि वे मेडिकल शॉप के सामने खंभा न लगाएं। बुजुर्ग महिला ने कहा- मेरे साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि मनसे कार्यकर्ताओं ने गालियां भी दीं।

 

पुलिस के मुताबिक, मारपीट के तीन दिन बाद 31 अगस्त को महिला ने शिकायत दर्ज कराई। महिला का मेडिकल चेकअप किया गया है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।